खटीमा में सीएम धामी की सादगी ने दिया ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश, पैदल पहुंचे मिलन डेरी
-
स्थानीय दुकानदारों से किया संवाद, चाय की चुस्की लेकर बढ़ाया कारोबारियों का उत्साह
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में अपनी सादगी और सहज व्यवहार से एक बार फिर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए अचानक मिलन डेरी पहुंचे और वहां चाय पी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से आत्मीयता से बातचीत कर उनके कारोबार और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, दुकानों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय बाजार और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। इससे छोटे कारोबारियों का मनोबल बढ़ने के साथ ही रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हुनर और उद्यमिता से भी जुड़ी है। राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मेलाघाट रोड पर पैदल चलते हुए स्थानीय डेरी पहुंचकर चाय पीने की मुख्यमंत्री की यह पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी। उनके इस सहज अंदाज ने स्थानीय कारोबारियों के प्रति सम्मान और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को मजबूती देने का संदेश दिया।
