National

लॉर्ड्स में इतिहास रचने वाली क्रिकेटर क्रांति गौड़ का सीएम मोहन यादव ने किया सम्मान, 5 लाख रुपये की सम्मान राशि दी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ को लॉर्ड्स टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने और सात विकेट लेने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर 5 लाख रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया।

भोपाल।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल अधोसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित ‘खेलो बढ़ो अभियान’ के तहत सांसद कप और विधायक कप जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विधानसभा और तहसील स्तर तक खेल संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी आज क्रिकेट, ओलंपिक और खेलो इंडिया जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित संवाद भवन में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश की अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर सुश्री क्रांति गौड़, उनके पिता नरसिंह और भाई महेन्द्र सिंह का सम्मान किया।

क्रांति गौड़ ने बढ़ाया मध्यप्रदेश का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की लाड़ली बेटी और छोटी बहन क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से देश-प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं और खेल जगत में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि क्रांति गौड़ की उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

5 लाख रुपये की सम्मान राशि से किया सम्मानित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली देश की पहली महिला क्रिकेटर बनने पर क्रांति गौड़ को 3 लाख रुपये का चेक और स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

इसके अलावा लॉर्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट लेने की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से 2 लाख रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि भी भेंट की। इस प्रकार उन्हें कुल 5 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

‘खेलो बढ़ो अभियान’ से मिल रही नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार खेल अधोसंरचना विकसित कर रही है। प्रदेश में सांसद कप और विधायक कप जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और अधिक पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

क्रांति गौड़ ने साझा किया संघर्ष का सफर

सम्मान समारोह में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने युवा खिलाड़ियों से संवाद करते हुए अपने संघर्षपूर्ण जीवन की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि बचपन में ही उन्होंने यह सपना देख लिया था कि एक दिन टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड के एक छोटे से गांव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। परिवार ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों का सामना किया। कई बार बारिश में टपकते मकान में रहना पड़ा और रसोई में राशन तक नहीं होता था, लेकिन माता-पिता और परिवार के अटूट सहयोग ने उन्हें कभी हार नहीं मानने दी।

क्रांति गौड़ ने कहा कि यदि परिवार का साथ और विश्वास नहीं मिलता तो टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहनने का सपना कभी पूरा नहीं हो पाता।

खेल जगत के अधिकारी भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, खेल सचिव संजीव सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक अंशुमान सिंह यादव, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *