राज कुंद्रा गिरफ्तारी मामले की अधिक जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि फरवरी 2021 में क्राइम ब्रांच ने मुंबई में अश्लील फिल्म बनाने और उन्हें कुछ ऐप्स पर दिखाने का मामला दर्ज किया था। इसको लेकर हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं।
मुंबई, एएनआइ।
क्राइम ब्रांच मुंबई ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति व बिजनेसमैन राज कुंद्रा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की अधिक जानकारी देते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि फरवरी 2021 में क्राइम ब्रांच ने मुंबई में अश्लील फिल्म बनाने और उन्हें कुछ ऐप्स पर दिखाने का मामला दर्ज किया था। क्राइम ब्रांच ने आगे बताया कि इस मामले में सोमवार को राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया है क्योंकि वह इसके मुख्य साजिशकर्ता लगते हैं। इसको लेकर हमारे पास पर्याप्त सबूत हैं और इस मामले में अभी जांच जारी है।
सोमवार को अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति और व्यवसायी राज कुंद्रा मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के संपत्ति प्रकोष्ठ के समक्ष पेश हुए। जहां उन्हें ‘अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें कुछ ऐप के माध्यम से प्रकाशित करने’ से संबंधित एक मामले में गिरफ्तार किया गया।
#WATCH | Actress Shilpa Shetty’s husband & businessman Raj Kundra appeared before the Property Cell of Mumbai Police’s Crime Branch, where he was arrested in a case relating to ‘creation of pornographic films & publishing them through some apps’ pic.twitter.com/mtlM4pYCc3
— ANI (@ANI) July 19, 2021
इसके पहले भी विवादों में रह चुके हैं राज कुंद्रा
बता दें कि शिल्पा शेट्टी के पति व बिजनेसमैन राज कुंद्रा इसके पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं। इससे पहले मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे ने उन पर और उनके सहयोगी के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में शिकायत दर्ज की थी। पूनम ने आरोप लगाया था कि राज कुंद्रा की कंपनी ने उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया है। हालांकि राज कुंद्रा ने इस मामले में अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि जिस कंपनी पर अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगा है, वह उन्होंने छोड़ दी है।