उत्तराखंड, Rishikesh
क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने नव संवत्सर के साथ ही चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दी है। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने मातृ शक्ति को शक्ति का स्वरूप बताते हुए उन्हें चैत्र नवरात्रि की बधाई दी।
बैराज रोड स्थित कैम्प कार्यालय में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारतीय सनातन परम्परा में किसी भी शुभ कार्य के प्रारम्भ में संकल्प लेने का विधान रहता है। शक्ति के अनुष्ठान का यह पर्व रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यों के प्रति प्रेरणा प्रदान करने वाला हो इसका हमें संकल्प लेना होगा। यह नवसंवत्सर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि प्रदान करने वाला हो इसकी भी उन्होंने कामना की है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। नवरात्र का यह पर्व समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को दर्शाता है। इस अवसर पर किया जाने वाला कन्या पूजन नारी शक्ति के महत्व का प्रतीक है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि चैत्र नवरात्र को इस बार प्रदेश में नारी शक्ति उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। हमारे वेदों और पुराणों में चैत्र नवरात्रि को विशेष महत्व दिया गया है। इसे आत्मशुद्धि तथा सद् प्रवृत्ति का आधार माना गया है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा का पूजन करने से नकारात्मक ऊर्जा खत्म होती है तथा एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। डॉ अग्रवाल ने सभी से नारियों के सम्मान की भी अपील की है।
इस मौके पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता शाह, पार्षद तनु तेवतिया, रीना शर्मा, लक्ष्मी रावत, रेखा सजवाण, कंचन, आरती, केदारी देवी, पुष्पा देवी, सविता देवी, सरिता देवी, अंजना देवी आदि महिलाएं मौजूद रहीं।