National

महाराणा प्रताप के वशंज और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

 नई दिल्ली: महाराणा प्रताप के वशंज और पूर्व सांसद महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन हो गया है। महेंद्र सिंह मेवाड़ कुछ समय से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था। महेंद्र सिंह मेवाड़ की उम्र 83 साल थी और वो कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। मेवाड़ 1989 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में चित्तौड़गढ़ संसदीय सीट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। 

पूर्ववर्ती मेवाड़ राजघराने के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ का रविवार को उदयपुर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। जानकारी के लिए बता दें कि महेंद्र सिंह मेवाड़ 16वीं सदी के राजपूत राजा महाराणा प्रताप के वंशज थे, जिन्होंने 1597 में अपनी मृत्यु तक मेवाड़ पर शासन किया था।

उनके कार्य हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेंगे -पीएम मोदी

महेंद्र सिंह मेवाड़ के निधन पर पीएम मोदी, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा समेत अनेक नेताओं ने शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कहा, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में अमूल्य योगदान देने वाले चित्‍तौड़गढ़ के पूर्व सांसद और मेवाड़ राजघराने के सदस्य महेंद्र सिंह मेवाड़ जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे जीवनपर्यंत राजस्थान की विरासत को सहेजने और संवारने में जुटे रहे।

पीएम मोदी ने आगे कहा, उन्होंने लोगों की सेवा के लिए पूरे समर्पित भाव से काम किया। समाज कल्याण के उनके कार्य हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। शोक की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति!

राजस्थान के सीएम ने भी जताया दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘पूर्व सांसद महाराणा महेंद्र सिंह मेवाड़ जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। मैं प्रभु से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।

महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ के बड़े बेटे थे महेंद्र

महेंद्र सिंह मेवाड़, महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ के सबसे बड़े पुत्र थे, जो 1955 से 1971 तक उदयपुर रियासत के शासक थे, जब भारत सरकार ने शाही उपाधियां समाप्त कर दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *