पलक्कड़ ,भाजपा ने साफ कर दिया है कि केरल में अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीतकर वह सत्ता में आई तो वहां भी लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाएगी। लव जिहाद से संबंधित कानून उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की भाजपा सरकारें बना चुकी हैं। केरल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने कहा, उत्तर प्रदेश की तरह केरल में भी लव जिहाद का जोर है।

लव जिहाद का आशय हिंदू लड़कियों को धोखे से प्रेमजाल में फंसाकर उन्हें इस्लाम धर्म ग्रहण कराकर शादी करना है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में इस तरह की कई घटनाएं प्रकाश में आने के बाद दोनों प्रदेशों में पिछले दिनों इस पर कानून बनाए गए हैं। सुरेंद्रन ने कहा, केरल में ईसाई समुदाय भी धोखाधड़ी की चपेट में हैं। ईसाई लड़कियों को फंसाया जा रहा है और उन्हें मुस्लिम बनाया जा रहा है।

ईसाई समुदाय ने भी इस तरह के कानून की मांग की है। इसलिए मौजूदा परिस्थितियों में उत्तर प्रदेश से ज्यादा इसकी केरल में जरूरत है। पार्टी की वरिष्ठ नेता शोभा सुरेंद्रन के एक बयान पर सफाई देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, केरल में भाजपा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आइयूएमएल), माकपा और कांग्रेस के साथ कभी समझौता नहीं करेगी। लेकिन इन दलों को छोड़कर आए लोगों को भाजपा में जरूर शामिल किया जाएगा। विजय यात्रा में पलक्कड़ पहुंचे सुरेंद्रन पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। यह यात्रा 21 फरवरी को कासरगोड से शुरू हुई थी। इसे भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत माना जा रहा है। सात मार्च को इस यात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी भाग ले सकते हैं