मुस्तफाबाद हादसे पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख, 4 मंजिला इमारत गिरने से 4 की मौत, घटना की जांच के दिए आदेश
सीएम रेखा गुप्ता ने दिए ये निर्देश
मुस्तफाबाद में हुई दर्दनाक घटना को लेकर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने संवेदनाएं व्यक्त की हैं और उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की निर्देश दिया है।
पूर्व सीएम केजरीवाल ने व्यक्त की संवेदनाएं
वहीं, इस घटना पर पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि मुस्तफाबाद में बिल्डिंग गिरने की ये घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
बचाव अभियान जारी
अधिकारियों के अनुसार, डॉग स्क्वॉड, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और फिलहाल बचाव अभियान चल रहा है।
डिविजनल फायर ऑफिसर ने कही ये बात
डिविजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने कहा कि हमें सुबह करीब 2:50 बजे एक मकान ढहने की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है।
शुक्रवार को दिल्ली में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला, शुक्रवार रात को भारी बारिश और आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में इमारतों के गिरने की खबरें सामने आई हैं।
पिछले हफ्ते दीवार गिरने से एक शख्स की मौत हो गई थी
पिछले सप्ताह एक संबंधित घटना में, धूल भरी आंधी के दौरान मधु विहार पुलिस स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। पुलिस के अनुसार, दीवार एक निर्माणाधीन छह मंजिला इमारत की थी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) विनीत कुमार ने कहा कि शाम करीब सात बजे हमें पीसीआर कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि धूल भरी आंधी के दौरान छह मंजिला निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिर गई थी। एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
