उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के ‘अभिमन्यु का छल से वध हुआ, पांडवों इसका प्रतिकार करो’ बयान पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि अभिमन्यु एक बड़े नेता थे। उनके बड़ी संख्या में समर्थक थे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र की चिंता केंद्रीय नेतृत्व को करनी है। संगठन राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार कर रहा है, जिसमें उनके जैसे अनुभवी और जुझारू कार्यकर्ताओं की जरूरत है।
शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि जल्द ही संगठन की चिंतन बैठक होगी। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र रावत की सरकार ने विकास की जो नींव रखी है, उस पर तीरथ सरकार इमारत बनाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच पीएम मोदी की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ रही है। सीएम तीरथ सिंह रावत के जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण खत्म करने, महामारी एक्ट के मुकदमे वापस लेने सहित सभी फैसलों को उन्होंने जनता के लिए ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि आगामी चुनाव में एक बार फिर उनकी पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को लेकर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कह कि उनके बारे में चिंता का काम केंद्रीय नेेतृत्व का है। अब हमें उनकी चिंता नहीं करनी चाहिए। वह वरिष्ठ नेता हैं। जनता को हमने पहले भी बताया था कि पार्टी का बहुत बड़ा विस्तार हो रहा है। जम्मू में हम चुनाव जीते, राजस्थान के लोकल बॉडी चुनावों में जबर्दस्त जीत दर्ज की। अब बंगाल में भी चुनाव जीतने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी परिवार की पार्टी नहीं है। जो केंद्रीय नेतृत्व तय करता है, वही होता है। सभी सच्चे सिपाही हैं, जिसे जो जिम्मेदारी दी जाती है, वह पूरी मेहनत से वहां काम करता है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत के मन में भी ऐसा कोई असंतोष नहीं है। उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि वह नेतृत्व से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को त्रिवेंद्र रावत का मार्गदर्शन अगले चुनाव में भी मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही सल्ट विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी।
तीरथ को मुख्यमंत्री बनाकर दो चुनावों की चुनौती स्वीकार की है
एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि जो अब मुख्यमंत्री बने हैं, वह सांसद हैं। हमने उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर दो चुनावों की चुनौती स्वीकार की है। यह कार्यकर्ताओं का दम भी है और जनता का प्यार भी है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वह कुंभ में कोविड नियमों का पालन करते हुए शिरकत करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी मंत्रियों को आगामी विस चुनाव के मद्देनजर जनता की ज्यादा से ज्यादा सेवा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार भी मौजूद रहे।
फैसले पलटने पर बोले- सब बेहतर के लिए किया जाता है
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि वह आगामी चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र की उपलब्धियां भी गिनवाएंगे। फैसले पलटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा की यही खासियत है कि यहां कोई जड़बुद्धि नहीं होता। चलते-चलते जो बेहतर लगता है, वही किया जाता है। पूर्व सीएम ने भी बेहतरी के लिए फैसले लिए थे अब अब उनमें बदलाव भी बेहतरी के लिए किया जा रहा है।
जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना चाहिए
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की ओर से हाल ही में एक कार्यक्रम में दिए गए 20 बच्चों वाले बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया है। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीति साफ है, जिस तरह से बढ़ती हुई जनसंख्या की वजह से देश के आर्थिक हालात बिगड़ रहे हैं, उसे देखते हुए जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना चाहिए।