उत्तराखंड :
कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मीडिया प्रतिनिधियों तथा हिंदी पत्रकारिता से जुड़े सभी लोगों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
अग्रवाल जी ने कहा कि राष्ट्रभाषा हिन्दी का संपूर्ण देश में प्रचार एवं प्रसार करते हुए राष्ट्र और समाज के निर्माण में हिन्दी पत्रकारिता ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह गौरव का विषय है कि 30 मई, 1826 को पंडित युगल किशोर शुक्ल जी ने प्रथम हिन्दी समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन आरंभ किया था। उन्होंने कहा कि पत्रकार सैनिकों की तरह राष्ट्र के सच्चे प्रहरी होते हैं, देश के अंदर फैली कुरीतियों को मिटाकर पत्रकार राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान देते हैं।
अग्रवाल जी ने कहा कि स्वतंत्रता आन्दोलन की बात हो या वर्तमान की। लोकतंत्र के चौथेे स्तम्भ के रूप में पत्रकारिता देश की राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक आदि विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हिन्दी पत्र-पत्रिकाएं समाज में जन जागरूकता के प्रसार में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सूचना, तकनीकी एवं सोशल मीडिया के वर्तमान दौर में हिदी पत्रकारिता के समक्ष नई चुनौतियों के साथ ही इसकी प्रासंगिकता भी बढ़ी है।