बॉलीवुड के फेमस कपूर खानदान को एक ही साल में दूसरा बड़ा झटका लग चुका है। दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन के कुछ महीने बाद अब उनके छोटे भाई राजीव कपूर ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है। बता दें कि राजीव कपूर हिंदी सिनेमा के एक अभिनेता रह चुके थे और रणधीर कपूर और ऋषि कपूर के छोटे भाई थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है और उनकी उम्र 58 साल थी।
दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने उनकी तस्वीर शेयर करते हुए इस खबर की पुष्टि की है।
राजीव कपूर का करियर
उन्होंने फिल्मों में अपनी शुरुआत 1983 में ‘एक जान हैं हम’ से की थी लेकिन उन्हें पहचान 1985 में आई ‘राम तेरी गंगा मैली’ फिल्म से मिली। इसका निर्देशन राज कपूर ने किया था।
राजीव कपूर ने ‘आसमान’, ‘लवर ब्वॉय’, ‘जबर्दस्त’ और ‘हम तो चले परदेस’आदी फिल्मों में भी अभिनय किया। हीरो के तौर पर उनकी अंतिम फिल्म ‘जिम्मेदार’ थी। इसके बाद उन्होंने निर्माण और निर्देशन की ओर रुख किया।
वह फिल्म हिना के निर्माता थे, जिसका निर्देशन उनके सबसे बड़े भाई रणधीर कपूर ने किया था और अभिनय किया था ऋषि कपूर ने।
राजीव कपूर तीन भाइयों और दो बहनों- रणधीर कपूर, ऋषि कपूर, ऋतु नंदा और रीमा जैन में सबसे छोटे थे।