उत्तराखंड, देहरादून
अपने पसंदीदा कलाकार की याद में मंदिर आदि बनवाने के बारे में तो आपने सुना होगा, लेकिन दून में किशोर दा यानी किशोर कुमार के एक प्रशंसक ने अपने घर की छत पर रिकार्डिंग स्टूडियो बनाकर ही उनको समर्पित कर दिया है। इसी सितंबर में तैयार हुए स्टूडियो में दीवारों पर किशोर कुमार के बड़े-बड़े चित्र लगे हुए हैं। रोजाना यहां किशोर दा के गीतों को दोबारा रिकार्ड किया जाता है। बुधवार को किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर उन्होंने किशोर दा को उनके लिए समर्पित स्टूडियो से श्रद्धांजलि अर्पित की।
किशोर दा के ये प्रशंसक हैं राजपुर रोड निवासी 55 वर्षीय संदीप गुप्ता। संदीप पेशे से तो लोहा व्यापारी हैं, मगर शौकिया तौर पर गाना भी गाते हैं। संदीप के किशोर दा के प्रति प्रेम को इस बात से समझा जा सकता है कि उनका कोई भी दिन किशोर दा के गीत को सुने या गुनगुनाए बिना नहीं बीतता। अब तो वह हर रोज सुबह-शाम इस स्टूडियो में किशोर दा के गीतों को अपनी आवाज में रिकार्ड करते हैं। संदीप इस खास स्टूडियो में किशोर दा के 200 से ज्यादा गीतों को रिकार्ड कर चुके हैं। वह कहते हैं कि किशोर दा के गीतों को गुनगुनाकर ऊर्जा मिलती है।