TTF कोलकाता में चमका उत्तराखंड पर्यटन, सतपाल महाराज ने साहसिक और सीमांत पर्यटन की उपलब्धियां गिनाईं
उत्तराखंड का बंगाल से एक विशेष सांस्कृतिक जुड़ाव है : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज
पर्यटन मंत्री ने कोलकाता ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर में किया प्रतिभा
कहा दुनिया के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य बनकर उभर रहा है देवभूमि उत्तराखंड
देहरादून/कोलकाता: उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आज दुनिया के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य पर्यटन को केवल चारधाम यात्रा तक सीमित न रखते हुए साहसिक, ग्रामीण, सीमांत, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाना है।
सतपाल महाराज शुक्रवार को कोलकाता के बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित भारत के सबसे बड़े ट्रैवल ट्रेड शो TTF (ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर) में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।
उन्होंने बताया कि चमोली की नीति घाटी में 14,300 फीट से अधिक ऊंचाई पर आयोजित नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन में देशभर के 1,200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन में 26 राज्यों के लगभग 1,000 प्रतिभागी शामिल हुए। ये दोनों आयोजन दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथनों में गिने जाते हैं और प्रधानमंत्री के वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि टीटीएफ कोलकाता जैसे मंच उत्तराखंड की नई पर्यटन संभावनाओं को देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों तक पहुंचाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड चारधाम यात्रा में आधार आधारित प्रमाणित पंजीकरण प्रणाली सफलतापूर्वक लागू करने वाले अग्रणी राज्यों में शामिल है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनी है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत का उत्तराखंड से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध है। इसी कारण राज्य सरकार हर वर्ष टीटीएफ कोलकाता जैसे आयोजनों में भाग लेकर ट्रैवल पार्टनर्स और टूर ऑपरेटर्स को उत्तराखंड की नई पर्यटन संभावनाओं से जोड़ती है।
सतपाल महाराज ने बताया कि राज्य सरकार ने होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नई बेड एंड ब्रेकफास्ट नीति लागू की है, जिससे होमस्टे संचालकों और होटल व्यवसायियों को आसान पंजीकरण और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही राज्य के 100 से अधिक ट्रैकिंग रूट की जीपीएस मैपिंग कर उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री, गोवा के पर्यटन मंत्री, थाईलैंड की महावाणिज्यदूत, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष, फेयरफेस्ट मीडिया के अध्यक्ष सहित कई देशों और राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
