खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे, ट्रक और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत
गुरुग्राम-जयपुर हाईवे पर नीमराना के पास ट्रक और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वाले खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे। मृतकों में गुरुग्राम सहारनपुर और अंबाला के निवासी शामिल हैं जबकि एक घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपित चालक के खिलाफ हाईवे पर लापरवाही पूर्ण तरीके से ट्राला खड़ा करने पर केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि ये लोग गुरुग्राम में एक ही निजी कंपनी में काम करने वाले रिश्तेदार और सहकर्मी थे। और दर्शन करने के लिए गुरुवार सुबह खाटू श्याम गए थे। रात में वापसी के दौरान यह हादसा हुआ।
हादसा इतना जबरदस्त था कि कार ट्राले में पूरी तरह नीचे फंसी हुई थी। पुलिस ने क्रेन मंगाकर गाड़ी को खींचा। इसके बाद कार में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के कारण करीब आधे घंटे तक हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को साइड कराकर यातायात सुचारू रूप से चालू करवाया।
