उत्तराखंड, देहरादून :
आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र के 75 कार्यकर्त्ताओं ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय व प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी गौतम ने कहा कि आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए लोग अब भाजपा परिवार के सदस्य हैं और पार्टी में उनका सम्मान सुरक्षित रहेगा। उनके पार्टी में शामिल होने से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत का अंतर बढ़ेगा।
प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। उनका फैसला सुखद और प्रदेश हित में है। भाजपा की सदस्यता लेने वालों में आप के एक प्रांतीय पदाधिकारी और शेष जिला व विधानसभा क्षेत्र स्तर के कार्यकर्त्ता हैं।