देहरादून: देहरादून में सेना का फर्जी सूबेदार बनकर घूम रहे एक युवक को सैन्यकर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को नौकरी लगवाने के बहाने मिलिट्री अस्पताल (एमएच) लेकर आया था। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। आरोपी के खिलाफ फिलहाल मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
मामला कैंट थाना क्षेत्र का है। यहां मिलिट्री अस्पताल में सेना के सूबेदार की वर्दी पहनकर एक युवक घूम रहा था। वह कभी किसी दफ्तर के बाहर खड़ा होता तो कभी किसी अन्य गतिविधियों में व्यस्त हो जाता था। इन संदिग्ध गतिविधियों को देखकर ही सैन्यकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ की तो पता चला कि वह बीफार्मा का छात्र है और यह वर्दी उसने खुद बनवाई है।
पूछताछ में उसने अपना नाम कामाख्या दुबे निवासी रांची, झारखंड बताया। उसने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड पर आकर्षित करने के लिए फर्जी सूबेदार बना था। उसने उसे यहां पर नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। इंस्पेक्टर कैंट विद्याभूषण नेगी ने बताया कि सेना ने दुबे को थाना पुलिस के हवाले किया था। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके बैकग्राउंड के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
दाढ़ी देखकर पकड़ा गया दुबे
दुबे ने दाढ़ी रखी हुई है। चूंकि, आर्मी में ज्यादातर क्लीन सेव रहते हैं। लिहाजा, वह इसी बात को लेकर पकड़ में आ गया। बताया यह भी जा रहा है कि उसने कई बार कैंटीन में जाने का भी प्रयास किया है। हालांकि, सख्ती के कारण वह ज्यादा जगह नहीं जा पाया था।