रुद्रप्रयाग
मौसम खुलने के बाद केदारनाथ यात्रा फिर शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण यात्रा तीन दिन के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थी। ऐसे में रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक विभिन्न पड़ावों पर रोके गए हजारों यात्री मौसम खुलने का इंतजार कर रहे थे। बुधवार को लगभग 12 हजार यात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हुए। बदरीनाथ यात्रा भी शुरू कर दी गई है, लेकिन विष्णु प्रयाग से आगे तीन स्थानों पर हाइवे बंद पड़े होने के कारण 2500 यात्री बदरीनाथ, 80 लामबगड़, सौ हनुमानचट्टी, सौ गोविंदघाट गुरुद्वारा व 500 जोशीमठ गुरुद्वारा में फंसे हुए हैं। जबकि, लगभग दो हजार यात्री बिना दर्शनों के ही जोशीमठ से वापस लौट गए। बदरीनाथ हाइवे के गुरुवार को खुलने की उम्मीद है। उधर, गंगोत्री-यमुनोत्री की यात्रा मंगलवार से सुचारु है। दोनों धाम में 3800 से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए।